अगर आप स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहक हैं और बैंकिंग जरूरतों के लिए YONO ऐप का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। हाल ही में SBI ने घोषणा की है कि YONO ऐप अब उन स्मार्टफोन्स और टैबलेट्स को सपोर्ट नहीं करेगा, जो Android 11 या उससे पुराने वर्जन पर चल रहे हैं। बैंक के इस फैसले से कई यूजर्स के मन में सवाल उठ रहे हैं। आइए इस बदलाव के पीछे की वजह और इससे जुड़े पहलुओं को समझते हैं।
YONO ऐप ने क्यों बंद किया पुराने Android वर्जन का सपोर्ट?
SBI के इस फैसले का मुख्य कारण बेहतर सुरक्षा और परफॉर्मेंस है। तकनीकी दुनिया में हर दिन नए अपडेट्स और सुरक्षा पैच आते हैं, लेकिन पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम इन्हें सपोर्ट नहीं कर पाते। इस वजह से पुराने Android वर्जन पर चलने वाले डिवाइस यूजर्स के फाइनेंशियल डेटा को सेफ नहीं रख पाते हैं।
SBI का मानना है कि YONO ऐप को केवल नए Android वर्जन तक सीमित करने से यूजर्स का अनुभव और सुरक्षा दोनों बेहतर होगा। इससे ऐप की परफॉर्मेंस भी ऑप्टिमाइज होगी और नए फीचर्स को आसानी से जोड़ा जा सकेगा।
यूजर्स पर क्या असर पड़ेगा?
अगर आपका फोन Android 11 या उससे पुराना है, तो जल्द ही आप YONO ऐप का उपयोग नहीं कर पाएंगे। कई यूजर्स ने पहले ही Google Play Store पर शिकायत की है कि YONO ऐप अब केवल Android 12 और इससे ऊपर के वर्जन को ही सपोर्ट कर रहा है।
ग्राहकों को अब क्या करना होगा?
- अगर आपका स्मार्टफोन Android 12 या उससे ऊपर के वर्जन को सपोर्ट करता है, तो इसे अपडेट कर लें।
- अगर आपका डिवाइस Android 12 अपडेट को सपोर्ट नहीं करता, तो नया फोन लेना होगा।
- अगर आप YONO ऐप इस्तेमाल नहीं कर सकते, तो SBI नेट बैंकिंग के जरिए अपनी बैंकिंग सेवाएं जारी रख सकते हैं।
- कुछ जरूरी बैंकिंग सेवाओं के लिए आप SMS या USSD कोड का उपयोग कर सकते हैं।
किन स्मार्टफोन्स पर YONO अब काम नहीं करेगा?
Samsung Galaxy S21 Ultra 5G, Samsung Galaxy S20 5G, Google Pixel 4, Samsung Galaxy Note 20 Ultra 5G, OnePlus 8 Pro, OnePlus 9 Pro और POCO X3 आदि Android 11 पर चलने वाले कुछ स्मार्टफोन्स है।