Rain Alert: उत्तर भारत में फिर से तपेगी गर्मी, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

Rain Alert: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। जहां उत्तर और मध्य भारत में गर्मी ने एक बार फिर अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है, वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

By Prithavi Raj

Published on:

1:05 PM

नई दिल्ली: उत्तर भारत में कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य भारत और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में 29 अप्रैल तक तथा पूर्वी भारत में 26 अप्रैल तक हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों में अगले चार दिनों तक भारी वर्षा की संभावना है।

मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 27 अप्रैल तक तथा नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम एवं त्रिपुरा में 26-27 अप्रैल तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान की भी आशंका है।

दक्षिण भारत में कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में अगले सप्ताह हल्की से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान है। झारखंड में 27 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना के मद्देनजर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 24 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 24 से 26 अप्रैल के बीच वर्षा होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले सप्ताह अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश से लेकर त्रिपुरा तक के पूर्वोत्तर राज्यों, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पूर्वी मध्य प्रदेश में आंधी-तूफान देखा गया। मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की घटनाएं भी दर्ज की गईं।

मौसम विशेषज्ञों ने उत्तर भारत के निवासियों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक के समय में धूप से बचने की सलाह दी है।

Prithavi Raj

मैं राजस्थान के सीकर जिले का रहने वाला हूँ और LLB की हुई हैं। वकील होने के साथ-साथ मुझे लोकल न्यूज़ पढ़ना और लिखना काफी पसंद है। मैंने 7 साल से कई बड़े न्यूज़ पोर्टल पर अपना योगदान दिया है।

Leave a Comment