होंडा कार इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय सेडान कार Honda City का नया एपेक्स एडिशन लॉन्च कर दिया है। यह नया वेरिएंट V और VX ट्रिम लेवल पर आधारित है और इसे स्टैंडर्ड मॉडल से 25,000 रुपये ज्यादा कीमत के साथ पेश किया गया है। होंडा सिटी एपेक्स एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत 13.3 लाख रुपये से शुरू होकर 15.62 लाख रुपये तक है। इस नए एडिशन में ग्राहकों को स्टाइल, कम्फर्ट और परफॉर्मेंस का बेहतरीन ताल-मेल देखने को मिलेगा। नया मॉडल अपने स्टैंडर्ड वेरिएंट से कितना अलग है और इसकी कीमत कितनी ज्यादा है, आइए विस्तार से जानते हैं।
क्या खास है होंडा सिटी एपेक्स एडिशन में?
होंडा सिटी के एपेक्स एडिशन को प्रीमियम पैकेज एन्हांसमेंट के तौर पर पेश किया गया है। इसमें कई नए और शानदार फीचर्स जोड़े गए हैं, जो इसे स्टैंडर्ड मॉडल से अलग बनाते हैं। इंटीरियर में बेज कलर का इस्तेमाल किया गया है, जो कार को एक लग्जरी लुक देता है। इंस्ट्रूमेंट पैनल और डोर पॉकेट्स पर 7 अलग-अलग कलर्स में एंबिएंट लाइटिंग सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा प्रीमियम लेदर एलिमेंट्स और एक्सक्लूसिव एपेक्स एडिशन सीट कवर भी इसमें शामिल हैं। फेंडर पर एपेक्स एडिशन बैज और ट्रंक पर खास डिजाइन इस वैरिएंट को और भी खास बनाते हैं।
इंजन और परफॉर्मेंस
होंडा सिटी एपेक्स एडिशन में 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 121 बीएचपी की पावर और 145 एनएम टॉर्क जनरेट करता है। यह कार 6-स्पीड मैनुअल और CVT (कंटीन्यूअसली वेरिएबल ट्रांसमिशन) दोनों गियरबॉक्स ऑप्शन के साथ मार्केट में है। इसके अलावा होंडा सिटी का हाइब्रिड वेरिएंट भी मिल रहा है, जो 1.5 लीटर स्ट्रांग हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के साथ आता है। होंडा के अनुसार CVT वेरिएंट 18.4 किमी/लीटर का माइलेज देने वाला है।
होंडा सिटी एपेक्स एडिशन की कीमत
होंडा सिटी एपेक्स एडिशन की कीमत V MT वेरिएंट के लिए 13.3 लाख रुपये, V CVT वेरिएंट के लिए 14.55 लाख रुपये, VX MT वेरिएंट के लिए 14.37 लाख रुपये और VX CVT वेरिएंट के लिए 15.62 लाख रुपये है।
भारतीय बाजार में होंडा सिटी की टक्कर Maruti Suzuki Ciaz, Hyundai Verna, Skoda Slavia और Volkswagen Virtus जैसी सेडान कारों से होती है। नए एपेक्स एडिशन को लॉन्च कर कंपनी ने अपने ग्राहकों को एक और प्रीमियम ऑप्शन देने की कोशिश की है।