हरियाणा सरकार ने राशन वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। इस नई प्रणाली के तहत राशन डिपो पर मिलने वाला सस्ता अनाज अब सिर्फ पात्र लाभार्थियों को ही मिलेगा। अब राशन लेने के लिए लाभार्थी को अपने मोबाइल नंबर पर एक वन टाइम पासवर्ड (OTP) प्राप्त होगा। राशन डिपो पर जाकर इस OTP को बताने के बाद ही उसे राशन मिलेगा। यदि OTP गलत होगा, तो राशन नहीं दिया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किसी का राशन हड़पा न जा सके।
जल्द लागू होगी नई व्यवस्था
खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा है कि इस नई योजना पर तेजी से काम चल रहा है। सभी राशन डिपो पर नई मशीनें लगाई जा रही हैं, जिससे राशन वितरण की यह प्रणाली सही तरीके से काम कर सके।
कैसे काम करेगा सरकार का नया सिस्टम ?
राशन प्राप्त करने से पहले सरकार लाभार्थी के मोबाइल पर एक SMS भेजेगी, जिसमें OTP होगा। राशन लेने के लिए डिपो पर जाकर इस OTP को बताना होगा। सही OTP देने पर ही राशन मिलेगा, गलत होने पर राशन नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा, डिपो पर एक सूचना बोर्ड लगाया जाएगा, जिसमें डिपो संचालक और खाद्य विभाग की जानकारी होगी, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में लाभार्थी शिकायत दर्ज करा सके।
हर महीने 10 तारीख को राशन वितरण करने की है योजना
सरकार ने यह भी तय किया है कि हर महीने 10 तारीख को राशन वितरण किया जाएगा। इसके अलावा, डिपो पर हेल्पलाइन नंबर और संबंधित अधिकारी का संपर्क नंबर भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे किसी भी परेशानी की स्थिति में लोग शिकायत दर्ज करवा सकें।
वर्तमान में कितना राशन मिलता है
- अंत्योदय कार्ड धारकों को प्रति राशन कार्ड 11 किलो गेहूं मिलता है।
- बीपीएल कार्ड धारकों को प्रति व्यक्ति 2 किलो गेहूं मुफ्त दिया जाता है।
- अंत्योदय और बीपीएल कार्ड धारकों को 1 किलो चीनी ₹13.50 प्रति किलो के हिसाब से दी जाती है।
- सरसों का तेल भी राशन कार्ड धारकों को रियायती दर पर दिया जाता है, जिसका मूल्य ₹20 प्रति लीटर तय किया गया है।