नई दिल्ली: देश की राजधानी में मौसम अब अपने तीखे तेवर दिखाने को तैयार है। चैत्र नवरात्र की शुरुआत 30 मार्च से होने जा रही है और इसके साथ ही तेज धूप और गर्मी का दौर भी शुरू होने वाला है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के मुताबिक, आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। खास तौर पर नवरात्र के आखिरी दिनों में पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ऊपर है। हवा में नमी का स्तर 20 से 80 प्रतिशत के बीच रहा। दिल्ली के कुछ इलाकों में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और पीतमपुरा में 38.1 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह के वक्त भी पालम में 21.6 डिग्री, नजफगढ़ में 21.8 डिग्री और पीतमपुरा में 23.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
शुक्रवार का मौसम – तेज हवाओं के साथ साफ रहेगा आसमान
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार यानी 28 मार्च को दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। दिनभर तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। कुछ समय के लिए हवाएं 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार भी पकड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, 29 मार्च को आसमान पर हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन हवाएं अपनी तेजी बनाए रखेंगी। इस दिन अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रह सकता है।
नवरात्र में बढ़ेगी गर्मी
30 मार्च से शुरू होने वाले नवरात्र के पहले दिन से ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हवाओं की गति कम होने के कारण गर्मी का असर बढ़ेगा। 30 और 31 मार्च को अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री तक रह सकता है। अप्रैल की शुरुआत यानी 1 और 2 तारीख को गर्मी और तेज होगी, जिसमें अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
अप्रैल में पारा छुएगा 40 डिग्री का आंकड़ा
निजी मौसम एजेंसियों के 15 दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, 3 और 4 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री के बीच रह सकता है। इसके बाद 5 से 7 अप्रैल के बीच गर्मी अपने चरम पर होगी और तापमान 40 से 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। पिछले साल चैत्र नवरात्र 8 अप्रैल से शुरू हुए थे और उस दौरान भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा था। बीते कुछ सालों से चैत्र नवरात्र के दौरान गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पड़ोसी राज्यों का कैसा है हाल?
दिल्ली के साथ-साथ राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम अपने अलग-अलग रंग दिखाएगा। जहां दिल्ली और राजस्थान में भीषण गर्मी की आशंका है, वहीं यूपी और बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश राहत दे सकती है। मौसम विभाग की सलाह है कि लोग गर्मी से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाएं और खासकर नवरात्र के दौरान पर्याप्त पानी और हल्के कपड़ों का इस्तेमाल करें।