Weather Forecast: अगर आपको लग रहा है कि ठंड पूरी तरह खत्म हो गई है, तो ऐसा नहीं है। उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम फिर बदल गया है। पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश हो रही है जिससे ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं। इसी वजह से तापमान में गिरावट देखी जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि कश्मीर में भी ताजा बर्फबारी हुई है। झारखंड, राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है और कुछ जगहों पर जल्द ही बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में बदला मौसम
दिल्ली में मंगलवार को बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। न्यूनतम तापमान 15.6°C और अधिकतम तापमान 28°C दर्ज किया गया। हवा में नमी 70% रही। मौसम विभाग IMD के अनुसार अगले दो दिनों में ठंडी हवाएं चल सकती हैं जिससे तापमान थोड़ा और नीचे आ सकता है।
पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड
कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। गुलमर्ग, सोनमर्ग, कुपवाड़ा और पहलगाम में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। इससे पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी ठंडक महसूस हो रही है।
यूपी, बिहार और राजस्थान का हाल
उत्तर प्रदेश मौसम की बात करें तो यहां पर दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड बनी रहेगी। अगले दो दिनों में 20-30 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसके अलावा बिहार राज्य में तापमान 30°C तक पहुंच चुका है, गर्मी बढ़ रही है। 8-9 मार्च को बारिश के आसार हैं। इसके अलावा बात करें राजस्थान राज्य की तो यहां पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। 7 मार्च के बाद गर्मी तेजी से बढ़ेगी।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम ?
- 5 और 6 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाएं चलेंगी।
- उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह हल्का कोहरा रहेगा।
- राजस्थान और झारखंड में तापमान थोड़ा गिरेगा, लेकिन 7 मार्च के बाद गर्मी बढ़ने लगेगी।