Rajasthan Weather: राजस्थान में अप्रैल महीने में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। राज्य के दक्षिण-पूर्वी भागों में 31 मार्च से 3 अप्रैल तक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान, 2-3 अप्रैल को उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। बाकी राज्य में मौसम शुष्क रहेगा।
तापमान में गिरावट जारी
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार और रविवार को तापमान में गिरावट रहेगी और ठंड का असर बना रहेगा। अगले 24 घंटों में तापमान 1-2 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। साथ ही, अगले 48 घंटों में उत्तर राजस्थान में 20-30 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं।
अप्रैल में गर्मी बढ़ने की संभावना
अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 3-4 डिग्री तापमान बढ़ सकता है। 3 अप्रैल को दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। 5-6 अप्रैल को यह 42 डिग्री से भी अधिक हो सकता है। 4 से 10 अप्रैल तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटों में राजस्थान में मौसम शुष्क रहा। सबसे ज्यादा तापमान धोलपुर में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम तापमान में 3-7 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2-5 डिग्री की गिरावट देखी गई। ज्यादातर जगहों पर अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे रहा। राज्य में सबसे कम तापमान फतेहपुर में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी की मात्रा 7% से 88% के बीच रही।
राजस्थान मौसम अपडेट 29 मार्च
2-3 अप्रैल को उदयपुर, कोटा संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने व शेष भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। pic.twitter.com/eokvDBcnJy— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) March 29, 2025